देवल, ब्यूरो चीफ,म्योरपुर, सोनभद्र। वन रेंज क्षेत्र के आश्रम मोड़-मनबसा मार्ग के बीच स्थित कटौली जंगल में सोमवार शाम अचानक लगी भीषण आग ने व्यापक तबाही मचा दी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते सैकड़ों सागौन के रोपित व प्राकृतिक पौधे जलकर राख हो गए, जबकि कई बड़े पेड़ भी झुलस गए। धुएं का घना गुब्बार आश्रम मोड़ तक दिखाई देने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। काफी मशक्कत के बाद मंगलवार
सुबह आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। इस दौरान जंगल में बनी बांस की कोठी भी जलकर खाक हो गई। आग की चपेट में आकर सांप समेत कई छोटे जीव-जंतु भी मर गए, जिससे वन्य जीवन को गंभीर क्षति पहुंची है। स्थानीय ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि वन भूमि पर कब्जा करने की नीयत से कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर आग लगा रहे हैं, ताकि जंगल को नुकसान पहुंचाया जा सके। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। रेंजर जबर सिंह यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही वन कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। मामले की जांच की जा रही है और कारणों का पता लगाया जा रहा है।
.jpg)