कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।अंबेडकर नगर जनपद के सदर तहसील में तहसीलदार की कथित मनमानी, कार्यों में लापरवाही और फैली अव्यवस्था को लेकर भारतीय नागरिक कल्याण समिति के अध्यक्ष ब्रह्माकुमार त्रिमूर्ति ने आयुक्त अयोध्या मंडल तथा नवागत जिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजा है। पत्र में तहसीलदार सदर व उनके अधीनस्थ अधिकारियों के खिलाफ उच्च स्तरीय जांच कराकर त्वरित कार्यवाही की मांग की गई है।श्री त्रिमूर्ति ने आरोप लगाया कि तहसीलदार न्यायालय के संचालन और मुकदमों की सुनवाई की जिम्मेदारी से मुंह मोड़ रहे हैं। विगत लगभग छह महीनों में न्यायालय का कार्य मात्र 5-6 दिन ही हुआ है, जबकि शेष दिनों में केवल तारीख पर तारीख लगाई जा रही है। इससे मुकदमों से प्रभावित लोगों में गहरी निराशा फैल गई है।उन्होंने यह भी कहा कि तहसीलदार और नायब तहसीलदार सहित अधीनस्थ कर्मचारी अधिकांश दिनों में तहसील से गायब रहते हैं, जिसके कारण आम जनता को बार-बार दर-दर भटकना पड़ रहा है।ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्रों के मामले को उदाहरण देते हुए श्री त्रिमूर्ति ने बताया कि 16 से 20 अप्रैल 2026 तक तहसीलदार उपलब्ध न होने के कारण दर्जनों आवेदनों पर हस्ताक्षर नहीं हो पाए। परिणामस्वरूप 21 अप्रैल 2026 को शाम 5 बजे तक भी कई जरूरतमंद तहसील कार्यालय में भटकते नजर आए।जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायतों के दर्ज न होने का गंभीर आरोप भी लगाया गया। 18 अप्रैल 2026 को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की मौजूदगी में हुई जनसुनवाई के दौरान आए प्रार्थना पत्रों को 21 अप्रैल तक पोर्टल पर दर्ज नहीं किया गया। श्री त्रिमूर्ति ने आरोप लगाया कि अधिकांश प्रार्थना पत्रों को छांटकर कूड़ेदान में फेंक दिया जाता है, जिससे पीड़ितों के साथ सरेआम धोखा हो रहा है।ब्रह्माकुमार त्रिमूर्ति ने आयुक्त अयोध्या मंडल और जिलाधिकारी से मांग की है कि तहसीलदार सदर तथा उनके अधीनस्थों की कार्यशैली की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जाए, ताकि तहसील में फैली अव्यवस्था दूर हो और आम जनता को समय पर सुविधाएं मिल सकें।
सदर तहसील में तहसीलदार की मनमानी और लापरवाही, समिति अध्यक्ष ने आयुक्त व डीएम से की उच्च स्तरीय जांच की मांग
अप्रैल 21, 2026
0
Tags
