आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के पॉलिटेक्निक चौराहा के पास सोमवार तीसरे पहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी मामूली रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के सैदपुर गडौर गांव निवासी विवेक चौहान (लगभग 21 वर्ष), पुत्र रतन चौहान, अपने साथी परमात्मा चौहान (लगभग 30 वर्ष), पुत्र रवि चौहान के साथ बाइक से नईगंज स्थित एक अस्पताल में भोजन देने गए थे। बताया जा रहा है कि परमात्मा चौहान की पत्नी की डिलीवरी के चलते वह अस्पताल में भर्ती थीं।
दोनों युवक खाना देकर वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही वे पॉलिटेक्निक चौराहा के पास पहुंचे, तभी मड़ियाहूं की तरफ से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस की चपेट में उनकी बाइक आ गई। हादसे में विवेक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि परमात्मा को हल्की चोटें आईं।
घटना के बाद परिजन विवेक को स्थानीय अस्पताल में उपचार के लिए ले गए, लेकिन हालत में सुधार न होने पर मंगलवार सुबह चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद विवेक को मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
