कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।राजकीय मेडिकल कॉलेज, अंबेडकरनगर के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के तत्वावधान में मंगलवार को 'विश्व स्वास्थ्य दिवस' के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष के कार्यक्रमों का मुख्य विषय (थीम) "स्वास्थ्य के लिए एकजुट: विज्ञान के साथ खड़े रहें" रखा गया।
योग सत्र से हुई दिन की शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 6:00 बजे एक योग सत्र के साथ हुआ, जिसका संचालन धर्मेंद्र कुमार यादव द्वारा किया गया। इस सत्र में महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) मुकेश यादव एवं उप-प्रधानाचार्य डॉ. उमेश कुमार वर्मा ने सक्रिय भागीदारी की। उनके साथ डॉ मुकुल सक्सेना, डॉ संजय सिंह, डॉ. विरेंद्र यादव, डॉ. मोहम्मद आतिफ, डॉ. शिवरतन, डॉ. दीपक मौर्य , डॉ संदीप शर्मा एवं श्री भानु प्रताप सिंह सहित पीजी जेआर, इंटर्न एवं एमबीबीएस के छात्रों ने योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
स्वास्थ्य जागरूकता रैली
प्रातः 10:00 बजे स्वास्थ्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसे प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) मुकेश यादव एवं उप-प्रधानाचार्य डॉ. उमेश कुमार वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रैली में कॉलेज के सभी संकाय सदस्य, नर्सिंग कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं उप प्रधानाचार्य छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रैली का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस को बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
वाद-विवाद प्रतियोगिता एवं संगोष्ठी
रली के समापन के उपरांत एल.टी.-2 में एक वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. प्रिया मिश्रा (PGJR) द्वारा किया गया।
मुख्य उद्देश्य
महाविद्यालय के प्रधानाचार्य ने बताया कि इस पूरे आयोजन का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करना तथा लोगों को एक अनुशासित एवं स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है।
इस अवसर पर कॉलेज के समस्त संकाय सदस्यों, रेजिडेंट डॉक्टरों, इंटर्न और छात्र-छात्राओं का विशेष सहयोग रहा, जिससे कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
