देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष योगेश पाण्डेय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नामित प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपकर जनगणना 2026-27 में शिक्षकों की ड्यूटी और भीषण गर्मी के बीच विद्यालय संचालन को लेकर आपत्ति जताई है। ज्ञापन में कहा गया कि जनगणना कार्य में बड़ी संख्या में प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक, 55 वर्ष से अधिक आयु के शिक्षक तथा पति-पत्नी दोनों की ड्यूटी लगाई गई है, जबकि प्रधानाध्यापकों पर पहले से ही शासन स्तर के कार्यों का भार रहता है और 58 से 61 वर्ष आयु वर्ग के शिक्षकों को ड्यूटी देना अनैतिक है, अधिक आयु और तकनीकी जानकारी के अभाव में उन्हें कठिनाई होगी तथा भीषण गर्मी में स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। वहीं पति-पत्नी दोनों की ड्यूटी लगाए जाने को भी अनुचित बताते हुए संगठन ने मांग की कि प्रधानाध्यापक, अधिक आयु के शिक्षक और दंपति में से एक की ड्यूटी निरस्त की जाए। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि वर्तमान में परिषदीय विद्यालय सुबह 7:30 से 12 बजे तक संचालित हो रहे हैं लेकिन सुबह 9 बजे तक तापमान 40 डिग्री पार कर रहा है और दोपहर में 45-46 डिग्री तक पहुंच रहा है। जनपद को हीटवेव के लिहाज से रेड जोन में रखा गया है जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है और उपस्थिति घट रही है। ऐसे में नौनिहालों की सुरक्षा को देखते हुए विद्यालय बंद कर ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने की मांग की गई है। संघ ने प्रशासन से शीघ्र निर्णय लेकर राहत देने की अपील की है।
.jpeg)