देवल, ब्यूरो चीफ,म्योरपुर, सोनभद्र। म्योरपुर थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय बालिका की गत सोमवार को संदिग्ध हाल में मिली लाश के मामले में पुलिस ने बेहद त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे के भीतर पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया। इस संवेदनशील मामले में पुलिस की सक्रियता और तत्परता ने एक बड़ी सफलता दिलाई है।
घटना 27 अप्रैल 2026 की है, जब म्योरपुर क्षेत्र में एक बालिका का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस मामले में थाना म्योरपुर पर मुकदमा अपराध संख्या 57/2026, धारा 103 (1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में एसओजी, सर्विलांस टीम और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें गठित की गईं। तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर गहन जांच शुरू की गई, जिसमें पुलिस ने तेजी से महत्वपूर्ण सुराग जुटा लिए।
जांच के दौरान आरोपी के रूप में दीपक कुमार पुत्र नन्दलाल का नाम सामने आया, जो मृतका का दूर का मामा बताया जा रहा है और उसी के पड़ोस में रहता था। पुलिस टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी, लेकिन इस दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और आगे की विवेचना जारी है।
.jpeg)