देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मंगलवार को विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर उनकी प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर, पर्यटन कार्यालय तथा राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय लोढ़ी के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।
टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण एजेंसी के प्रोजेक्ट मैनेजर को निर्देशित किया कि भवन निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच थर्ड पार्टी के माध्यम से कराई जाए। साथ ही कार्यस्थल पर श्रमिकों से संबंधित सभी रजिस्टर अद्यतन रूप से उपलब्ध रखने तथा निर्माण कार्य को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए। पर्यटन कार्यालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधि को फिनिशिंग कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि भवन का उपयोग जल्द से जल्द प्रारंभ किया जा सके। निरीक्षण के दौरान राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय लोढ़ी के निर्माण कार्य की प्रगति धीमी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिशासी अभियंता यूपी सिडको को निर्देशित किया कि कार्य में तेजी लाने के
लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाई जाए और निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कर लिया जाए। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस मौके पर जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया, जिला अर्थ संख्या अधिकारी संत पाल वर्मा, सहायक पर्यटन अधिकारी राजेश भारती, एडीएसटीओ जय सिंह आदि मौजूद रहे।
.jpeg)