देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। ग्राम रोजगार सेवक पंचायत मित्र वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष विनय पाण्डेय के नेतृत्व में मंगलवार को राबर्ट्सगंज विधायक भूपेश चौबे को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। जिसमें 8 माह से बकाया मानदेय भुगतान, एचआर पॉलिसी लागू करने, मानदेय बढ़ोतरी तथा 20 वर्षों से कार्यरत मनरेगा कर्मियों के नियमितीकरण की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि 4 अक्टूबर 2021 को मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है, जिससे रोजगार सेवकों में आक्रोश है और मानदेय न मिलने से उनके परिवारों के समक्ष आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। बच्चों की पढ़ाई तक प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि 16 अप्रैल से 25 अप्रैल 2026 तक कलमबंद हड़ताल की गई थी, जिसे आयुक्त ग्राम्य विकास से वार्ता के बाद 15 दिन में समस्या समाधान के लिखित आश्वासन पर स्थगित किया गया। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा में मांगें पूरी नहीं हुईं तो विधानसभा का घेराव किया जाएगा। वहीं विधायक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को सदन में उठाकर मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा। इस दौरान प्रदीप सिंह राणा, प्रशांत सिंह, वेद प्रकाश, निराज अहमद, संतोष यादव, मिथिलेश, संजय कुमार, बाबूलाल, सतीश, सायदा बेगम, प्रमोद, अमरेश, जीतेन्द्र, योगेश सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
.jpeg)