कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज, अम्बेडकर नगर द्वारा समाज में 'देहदान' के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने हेतु निरंतर चलाए जा रहे अभियान के सुखद और सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार को स्व० राम आसरे , निवासी मखदूम सराय टाण्डा, अम्बेडकर नगर की अंतिम इच्छानुसार उनके पार्थिव शरीर को चिकित्सा शिक्षा के उद्देश्य हेतु महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज के मानव शारीर संरचना विज्ञान विभाग (एनाटोमी) को दान किया गया। इस पुनीत कार्य में सहयोग उनके पौत्र संतोष वर्मा जी द्वारा कॉलेज प्रशासन को दी गई।
यह सराहनीय कार्य कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रोफेसर (डॉ) मुकेश यादव के कुशल मार्गदर्शन एवं एनाटॉमी विभाग के विभागाध्यक्ष/नोडल अधिकारी डॉ संदीप कुमार शर्मा एवं विभाग के संकाय सदस्य डॉ रणजीत ,डॉ श्रृष्टि पाल एवं प्रदर्शक व स्टाफ के प्रयासों से संभव हो सका है। एनाटोमी विभाग द्वारा कुछ माह पूर्व देह दानी सम्मान समारोह एवं निरंतर चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों का ही यह प्रतिफल है कि आमजन के मन में शरीर दान के प्रति एक सकारात्मक और सेवाभावी सोच विकसित हो रही है।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन एवं सम्पूर्ण छात्र छात्राएं स्व० राम आसरे जी एवं उनके परिजनों, विशेषकर संतोष वर्मा एवं सुनील कुमार वर्मा के प्रति अत्यंत सहृदयता के साथ अपना गहरा आभार और हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त करता है। आपके द्वारा किया गया यह 'महादान' न केवल चिकित्सा जगत के लिए एक अमूल्य उपहार है, बल्कि भावी चिकित्सकों के प्रशिक्षण और शोध कार्य में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। महाविद्यालय इस निःस्वार्थ और मानवीय निर्णय के लिए सदैव आपका ऋणी रहेगा। अंत में, कॉलेज प्रशासन अन्य नागरिकों से भी विनम्र अपील करता है कि वे इस पुनीत कार्य से प्रेरणा लें और चिकित्सा क्षेत्र व समाज की प्रगति में अपना बहुमूल्य योगदान दें।
