देवल संवाददाता, बलिया के सहतवार थाना क्षेत्र के खानपुर गांव स्थित एक गैस एजेंसी पर ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। होमगार्ड जवान रमाकांत यादव ने इस संबंध में सहतवार थाने में तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार, रविवार को होमगार्ड जवान रमाकांत यादव चैन गैस एजेंसी पर अपनी ड्यूटी कर रहे थे। दोपहर करीब 12:15 बजे संतोष सिंह, उनके बेटे शुभम सिंह और सत्यम सिंह (निवासी दक्षिण टोला, सहतवार) अचानक वहां पहुंचे और रमाकांत यादव से गाली-गलौज करने लगे।
रमाकांत यादव ने अपनी तहरीर में बताया कि आरोपियों ने उनसे कहा कि वे 'लाइन से नहीं जाएंगे' और फिर उन्हें लात मार दी। इस हमले से वह वहीं गिर गए और उन्हें अंदरूनी चोटें आईं। जब कुछ लोग मौके पर पहुंचे, तो आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
सहतवार थानाध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि होमगार्ड जवान की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्यवाही कर रही है।
