कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।माननीय प्रधानमंत्री जी की अध्यक्षता में आयोजित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन का सजीव प्रसारण आज कलेक्ट्रेट सभागार, अम्बेडकरनगर में आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रंजीत सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला प्रोवेशन अधिकारी, अपर जिला सूचना अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में विभिन्न विद्यालयों की अध्यापिकाएं, जनपद की ग्राम पंचायतों का प्रतिनिधित्व करने वाली ग्राम प्रधान एवं अन्य महिला प्रतिभागी उपस्थित रहीं। सभी ने एकाग्रचित्त होकर माननीय प्रधानमंत्री जी के प्रेरणादायी उद्बोधन को सुना।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने सम्मेलन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नारी शक्ति वंदन सम्मेलन देश में महिलाओं की भागीदारी को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को देश की सर्वोच्च निर्णय प्रक्रिया, विशेषकर संसद एवं अन्य लोकतांत्रिक संस्थाओं में अधिकाधिक प्रतिनिधित्व प्रदान करना है, ताकि वे राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय एवं प्रभावी भूमिका निभा सकें।
उन्होंने आगे कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण केवल सामाजिक विकास का ही नहीं, बल्कि समग्र राष्ट्र विकास का आधार है। माननीय प्रधानमंत्री जी द्वारा दिए गए संदेश के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने एवं निर्णय प्रक्रिया में सहभागिता बढ़ाने हेतु प्रेरित किया गया है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा महिला सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की गई तथा समाज में महिलाओं की भागीदारी को और अधिक सुदृढ़ करने का संकल्प लिया गया।
