देवल, ब्यूरो चीफ,शक्तिनगर, सोनभद्र। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की अग्निशमन शाखा द्वारा एनटीपीसी सिंगरौली परिसर में 14 से 20 अप्रैल तक सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा जागरूक समाज आग की रोकथाम हेतु सामूहिक प्रयास थीम पर राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह का सफल एवं व्यापक आयोजन किया गया। सप्ताह भर चले इस अभियान में सुरक्षा जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस दौरान प्रशिक्षण सत्र, अग्नि सुरक्षा प्रदर्शन, मॉक ड्रिल, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं तथा जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से कर्मचारियों, छात्रों और आमजन को आग से बचाव के उपायों की व्यवहारिक जानकारी दी गई। एनटीपीसी सिंगरौली के प्रशासनिक भवन में आयोजित विशेष कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम, त्वरित प्रतिक्रिया एवं आपातकालीन प्रबंधन के संबंध में प्रशिक्षित किया गया। वहीं, शक्तिनगर स्थित संजीवनी अस्पताल में सीआईएसएफ अग्निशमन टीम द्वारा आयोजित कार्यक्रम में अस्पताल कर्मियों को संभावित अग्नि जोखिमों की पहचान, अग्निशामक यंत्रों के सही उपयोग तथा आपातकालीन निकासी प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। सप्ताह का समापन 20 अप्रैल को कर्मचारी विकास केंद्र (ईडीसी) में भव्य समारोह के साथ हुआ। मुख्य अतिथि महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) सी.एच. किशोर कुमार तथा विशिष्ट अतिथि वनिता समाज की अध्यक्षा प्रज्ञा नायक की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारियों, सीआईएसएफ के पदाधिकारियों, कर्मचारियों के परिवारजनों, विद्यार्थियों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह के दौरान सीआईएसएफ के जवानों ने अग्नि सुरक्षा पर आधारित एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया। इसके साथ ही सप्ताह भर आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित कर पुरस्कृत किया गया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि अग्नि सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि हमारी कार्य संस्कृति और जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि समय पर सतर्कता, उचित प्रशिक्षण और सामूहिक प्रयासों से बड़ी दुर्घटनाओं को भी रोका जा सकता है। वहीं, सीआईएसएफ के सहायक कमांडेंट (अग्नि) तरुण दत्ता ने कहा कि अग्नि सुरक्षा हर नागरिक की जिम्मेदारी है और जागरूकता व प्रशिक्षण के माध्यम से ही सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है। यह सप्ताह न केवल जागरूकता फैलाने में सफल रहा, बल्कि कर्मचारियों, उनके परिवारों और समाज के विभिन्न वर्गों में अग्नि सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी और सजगता की भावना को भी मजबूत करने में अहम साबित हुआ।
.jpeg)