देवल संवाददाता, मऊ। सांसद घोसी राजीव राय की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की त्रैमासिक बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक के दौरान अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी ने बताया कि मार्च 2025 के सापेक्ष सड़क दुर्घटना की संख्या एवं उनमें होने वाली मौतों में मार्च 2026 में गिरावट दर्ज की गई है। मार्च 2025 में कुल 29 सड़क दुर्घटना हुई थी जबकि मार्च 2026 में 27 सड़क दुर्घटना हुई इस प्रकार इसमें 6.8 प्रतिशत की कमी आई है। इसी प्रकार मृतकों में भी 10.5% की कमी दर्ज की गई है। इसके अलावा एआरटीओ सुहेल अहमद ने यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा की गई प्रवर्तन कार्यवाईयों की विस्तृत जानकारी समिति के समक्ष प्रस्तुत की। बैठक के दौरान जिलाधिकारी श्री प्रवीण मिश्रा ने बताया कि सेव लाइफ फाउंडेशन द्वारा दिए गए सुझाव पर अमल के कारण गत कुछ माह में सड़क दुर्घटनाओं एवं उसमें होने वाली मौतों में गिरावट दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि अधिकतर सड़क दुर्घटनाएं ओवर स्पीडिंग एवं ड्रंकन ड्राइव के कारण हुई हैं। मृतकों में लगभग 60% 18 से 35 आयु वर्ग के व्यक्ति हैं। माननीय सांसद ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने हेतु मेकैनिज्म तैयार करने को कहा जिससे मौतों की संख्या में कमी लाई जा सके। इसके अलावा पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट वालों को पेट्रोल ना मिले यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश माननीय सांसद द्वारा दिए गए। उन्होंने मुख्य मार्गों पर स्थित स्कूल कॉलेज के आसपास स्पीड ब्रेकर भी बनाने को कहा। सड़क मरम्मत एवं निर्माण कार्यों हेतु उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अवश्य ही प्रस्ताव लेने के निर्देश दिए। इस दौरान वर्तमान वित्तीय वर्ष हेतु पीडब्ल्यूडी द्वारा तैयार कार्य योजना पर भी विस्तृत चर्चा समिति द्वारा की गई।इस दौरान विधान परिषद सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह,जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय, माननीय विधायक मधुबन रामविलास चौहान,माननीय विधायक मोहम्मदाबाद गोहना राजेंद्र राम,विधान परिषद सदस्य विक्रांत सिंह (रिशु),माननीय मंत्री जी के एक शर्मा के प्रतिनिधि, जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र,पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
सांसद की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की त्रैमासिक समीक्षा बैठक संपन्न
अप्रैल 21, 2026
0
Tags
