आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर: कोतवाली थाना क्षेत्र के उत्तरी वाजिदपुर स्थित सीतापुर आंख अस्पताल परिसर में बुधवार, 22 अप्रैल 2026 को अचानक एक कार में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही पलों में वाहन धू-धू कर जलने लगा, जिससे वहां मौजूद मरीजों और तीमारदारों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, परिसर में खड़ी एक अज्ञात कार से अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
हैरानी की बात यह रही कि घटना के दौरान न तो अग्निशमन विभाग को तत्काल सूचना दी गई और न ही स्थानीय पुलिस को समय रहते अवगत कराया गया। इससे अस्पताल प्रशासन की सतर्कता और आपातकालीन प्रबंधन व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल परिसर में इन दिनों अनियमित तरीके से वाहनों की पार्किंग हो रही है। बाहरी लोग भी यहां अपने वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था कमजोर पड़ गई है। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
इस घटना ने अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही को उजागर कर दिया है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो भविष्य में और गंभीर घटनाएं हो सकती हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और मामले की जांच की मांग की जा रही है।
.jpeg)