आमिर, देवल ब्यूरो ,खेतासराय, जौनपुर: सरकारी क्रय केंद्रों पर गेहूं खरीद की व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से सोमवार को उच्चाधिकारियों की टीम ने शाहगंज मंडी समिति स्थित क्रय-विक्रय केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने खरीद प्रक्रिया, अभिलेखों और किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण टीम में ज्वाइंट डायरेक्टर एग्रीकल्चर (वाराणसी मंडल) शैलेंद्र कुमार, उप कृषि निदेशक जौनपुर विपिन बिहारी तथा उप परियोजना निदेशक कृषि (शाहगंज) डॉ. रमेश यादव शामिल रहे। इस दौरान सहायक विकास अधिकारी (कृषि) धर्मेंद्र सरोज भी मौजूद रहे, जिन्होंने केंद्र की प्रगति और कार्यप्रणाली की जानकारी अधिकारियों को दी।
समीक्षा के दौरान यह जानकारी सामने आई कि अब तक केंद्र पर 38 किसानों से कुल 2163 कुंतल गेहूं की खरीद की जा चुकी है। केंद्र प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि खरीद प्रक्रिया लगातार जारी है और किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप किसानों की डिजिटल रजिस्ट्री पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान तकनीकी सहायक कृषि ऋषिकेश गौतम ने मौके पर मौजूद किसानों की फार्मर रजिस्ट्री भी की। इससे किसानों को भविष्य में योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आसानी होगी।
ज्वाइंट डायरेक्टर शैलेंद्र कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक किसानों को क्रय केंद्र तक लाने के लिए जागरूक किया जाए और गेहूं की तौल के बाद भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि खरीद प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों ने केंद्र पर साफ-सफाई, तौल व्यवस्था और किसानों की सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने किसानों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं भी जानी और उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।
