आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर: जिले के सिकरारा थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक सड़क हादसे में ड्यूटी पर तैनात सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सराय ख्वाजा थाना में तैनात सिपाही रंजीत यादव (40 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय अमरनाथ, मूल निवासी पीतरीपुर, थाना सिकरी, जनपद गोरखपुर, किसी आवश्यक कार्य से बाइक द्वारा मछलीशहर गए हुए थे। दोपहर करीब 2 बजे जब वह वापस लौट रहे थे, तभी सिकरारा थाना क्षेत्र के गुलजारगंज स्थित लखनऊ-वाराणसी हाईवे के पास एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सिपाही रंजीत यादव सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सिकरारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल 1033 एंबुलेंस की मदद से घायल सिपाही को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे के बाद आरोपी चालक कार सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आसपास के लोगों से जानकारी जुटाते हुए फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ने का दावा कर रही है।
