कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर । अकबरपुर थाना क्षेत्र के शहजादपुर स्थित गांधी तिराहा के पास बुधवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक चार पहिया वाहन अचानक आग का गोला बन गया। देखते ही देखते गाड़ी धूं-धूं कर जलने लगी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।बताया जा रहा है कि जैसे ही वाहन गांधी तिराहा के पास पहुंचा, उसमें से धुआं उठने लगा और कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया। स्थिति की गंभीरता भांपते हुए वाहन में सवार लोगों ने फुर्ती दिखाते हुए तुरंत बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।आग की ऊंची लपटें देख आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े और बिना देर किए बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। स्थानीय लोगों की तत्परता से आग को फैलने से काफी हद तक रोका जा सका।सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।पुलिस के मुताबिक, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
