देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सोनभद्र के पदाधिकारियों व अधिवक्ताओं ने कचहरी परिसर स्थित बंद पड़े उप-डाकघर को पुनः संचालित कराने की मांग को लेकर उपजिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज को ज्ञापन सौंपा। साथ ही प्रवर डाक अधीक्षक मिर्जापुर मंडल को भी पत्र की प्रति प्रेषित की गई।
एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने बताया कि जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में स्थित यह डाकघर लंबे समय से अधिवक्ताओं, वादकारियों व न्यायालय कर्मचारियों के लिए अत्यंत उपयोगी रहा है, जहां से प्रतिदिन सैकड़ों रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट, नोटिस व न्यायिक दस्तावेजों का प्रेषण होता था, लेकिन बिना पूर्व सूचना के इसे बंद कर दिया गया है, जिससे सभी को भारी असुविधा हो रही है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष बिंदु यादव ने कहा कि डाकघर बंद होने के कारण आवश्यक दस्तावेज भेजने के लिए अब 3-4 किलोमीटर दूर
मुख्य डाकघर जाना पड़ता है, जिससे समय व धन दोनों की हानि हो रही है और न्यायिक कार्य भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने जनहित व न्यायिक कार्यहित में कचहरी परिसर स्थित डाकघर को तत्काल स्थायी रूप से खुलवाने की मांग की। इस अवसर पर पवन कुमार सिंह, राजेश कुमार यादव, राजेंद्र कुमार यादव, रामप्रसाद यादव, चतुर्भुज शर्मा, टीटू प्रसाद गुप्ता, शाहनवाज आलम खान, चंदन जायसवाल, पवन कुमार द्विवेदी, अनुराग पांडेय, अभिषेक सिंह मौर्य, कामता प्रसाद यादव, आदर्श देव पांडेय, रविंद्र पटेल सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।
.jpg)