देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। विकास भवन सभागार में उद्योग बंधु की बैठक मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। इस दौरान व्यापारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर
विस्तृत चर्चा कर उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने राज्य कर विभाग की ट्रिब्यूनल व्यवस्था में तकनीकी खामियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वेबसाइट की दिक्कतों के कारण व्यापारी न तो ट्रिब्यूनल में अपील कर पा रहे हैं और न ही कोर्ट जा पा रहे हैं, जिससे उन्हें गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इस समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की। इसके साथ ही नगर में पार्किंग व ट्रांसपोर्ट नगर की व्यवस्था न होने से माल लोडिंग-अनलोडिंग में हो रही दिक्कतों, सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों के चालान से व्यापारियों में बढ़ते आक्रोश का भी मुद्दा उठाया गया। बैठक में फ्लाईओवर के नीचे रोडवेज व प्राइवेट बसों के संचालन को गंभीर बताते हुए कहा गया कि इससे अक्सर जाम की स्थिति बनती है और कई बार एंबुलेंस भी फंस जाती है, जबकि इस समस्या को पिछले एक वर्ष से लगातार उठाया जा रहा है। व्यापारियों ने शहर में जाम की समस्या के समाधान के लिए ई-रिक्शा संचालन को जोनवार करने और अलग-अलग कलर कोडिंग लागू करने का सुझाव दिया, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके। इसके अलावा हर घर जल योजना की धीमी प्रगति पर भी सवाल उठाते हुए बताया गया कि पुसौली, बढौली समेत कई गांवों में अब तक पानी नहीं पहुंच पाया है, जबकि योजना वर्ष 2019 तक पूर्ण होनी थी। बैठक में जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र मोदनवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं व्यापार संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
.jpg)