आमिर, देवल ब्यूरो ,चंदवक, जौनपुर। चंदवक–औड़िहार मार्ग पर गुरुवार भोर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। यह हादसा ककरापार गांव के सामने उस समय हुआ, जब युवक दुधारू पशु खरीदने के लिए घर से निकला था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गाजीपुर जनपद के खानपुर थाना क्षेत्र स्थित नायकडीह गांव निवासी 42 वर्षीय गौरीशंकर यादव पुत्र राजकुमार यादव सुबह करीब पांच बजे से पहले ककरापार गांव के पास पहुंचे ही थे कि किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और बेहोश हो गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उनके मोबाइल से परिजनों को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे परिजन उन्हें तत्काल चार पहिया वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोभी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शव को लेकर परिजन पहले घर चले गए, लेकिन आसपास के लोगों की सलाह पर वे चंदवक थाने पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की।
मृतक अपने परिवार के इकलौते संतान बताए जा रहे हैं। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जनसुनवाई में SSP ने सुनी फरियादियों की समस्याएं, दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
जौनपुर। आमजन की शिकायतों के त्वरित समाधान के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस कार्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह की अध्यक्षता में जनसुनवाई आयोजित की गई।
जनचौपाल में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने भूमि विवाद, मारपीट, उत्पीड़न, पारिवारिक कलह और लंबित मामलों से जुड़ी शिकायतें SSP के समक्ष रखीं।
SSP ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न होकर गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पीड़ित को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई के दौरान उन्होंने कई मामलों में तत्काल फोन कर प्रगति रिपोर्ट तलब की और लंबित प्रकरणों पर नाराजगी भी जताई। साथ ही निर्देश दिया कि अधिकतर मामलों का निस्तारण थाना स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाए, ताकि फरियादियों को बार-बार कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। उन्होंने प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर आवश्यक कार्यवाही हेतु संबंधित शाखाओं को निर्देशित किया।
इस जनसुनवाई से फरियादियों में राहत की उम्मीद जगी है और पुलिस प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि शिकायतों के निस्तारण में अब ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
