आमिर, देवल ब्यूरो ,चंदवक, जौनपुर। चंदवक औड़िहार मार्ग पर गुरुवार भोर में ककरापार गांव के सामने अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। वह दुधारू पशु खरीदने के लिए घर से भोर में निकला था। पुलिस शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की।
गाजीपुर जनपद के खानपुर थानाक्षेत्र के नायकडीह गांव निवासी 42 वर्षीय गौरीशंकर यादव पुत्र राज कुमार यादव दुधारू पशु खरीदने के लिए बाइक से भोर में घर से निकले। वह ककरापार गांव के सामने करीब पांच बजे से पहले पहुंचे ही थे कि अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। वह बुरी तरह जख्मी हो बेसुध गिर गए। हादसे की जानकारी होने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उनकी मोबाइल से परिजनों को सूचित किया।परिजन चार पहिया वाहन से पहुंचे और उन्हें लेकर सीएचसी डोभी आए। सीएचसी में स्वास्थ्य कर्मियों ने देखा तो बताया कि मौत हो चुकी है। परिजन शव लेकर घर चले गए। विधिक कार्रवाई किए जाने के संबंध में आसपास के लोगों ने बताया तो परिजन शव लेकर चंदवक थाने आए। पुलिस शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की। एकलौते संतान की मौत से परिवार पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।
