आमिर, देवल ब्यूरो ,खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय मॉडर्न कॉन्वेंट स्कूल में बुधवार को एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षा, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन को केंद्र में रखते हुए मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व एमएलसी एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिराज मेंहदी तथा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अमीक जमाई मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
विद्यालय पहुंचने पर प्रबंधक डॉ. आबिद खान ने अतिथियों का अंगवस्त्र और पुष्प गुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान अतिथियों ने विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता, अनुशासन व्यवस्था और निरंतर प्रगति की सराहना की।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में सत्र 2025-26 की हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने मेधावियों को प्रमाण पत्र एवं सम्मान चिन्ह देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपने संबोधन में सिराज मेंहदी ने कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आर्थिक अभाव किसी भी छात्र की शिक्षा में बाधा नहीं बनना चाहिए। जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद के लिए वे सदैव तत्पर रहने का आश्वासन भी दिया।
वहीं अमीक जमाई ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे देश के भविष्य के निर्माता हैं। उन्होंने कहा कि जीवन में परिस्थितियां चाहे जैसी भी हों, शिक्षा से कभी समझौता नहीं करना चाहिए। शिक्षा ही वह माध्यम है, जो व्यक्ति को जागरूक बनाकर समाज में सम्मान दिलाती है और उसे अपने अधिकारों के प्रति सजग करती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने तथा क्षेत्र में सकारात्मक शैक्षणिक माहौल विकसित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन का माध्यम बना, बल्कि शिक्षा के प्रति जागरूकता और प्रेरणा का संदेश भी दे गया।
