आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर।क्षेत्र के एक विद्यालय में आयोजित वार्षिक उत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए अतिथियों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया। समारोह की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सलिल बिश्नोई सहित विशिष्ट अतिथियों में पूर्व विधायक सुषमा पटेल, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रकाश शुक्ल, न्यायाधीश उमाशंकर सिंह, भाजपा नेता अर्चना शुक्ला, जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार मिश्रा, चेयरमैन कपिल मुनि एवं थानाध्यक्ष फूलचंद पांडेय शामिल रहे। सभी अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि सलिल बिश्नोई ने ग्रामीण क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त विद्यालय की स्थापना को सराहनीय पहल बताया। उन्होंने अभिभावकों को बच्चों को केवल शिक्षित ही नहीं, बल्कि संस्कारवान बनाने पर भी जोर देने की बात कही। अन्य अतिथियों ने भी विद्यालय के प्रयासों और विद्यार्थियों की प्रतिभा की प्रशंसा की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। देशभक्ति गीत, नाटक, एकांकी और प्रेरणादायक कहानियों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावुक कर दिया। विशेष रूप से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर आधारित प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को गहराई से प्रभावित किया और खूब सराहना बटोरी।
इस अवसर पर वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन छात्राओं धृति मिश्रा एवं दृष्टि मिश्रा ने कुशलतापूर्वक किया, जबकि अध्यक्षता पूर्व शिक्षक एवं एमएलसी प्रमोद कुमार मिश्रा ने की।
अंत में विद्यालय के प्रबंधक डॉ. जय प्रकाश त्रिपाठी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक प्रमुख संतोष तिवारी, शेषधर तिवारी, प्रभाकर तिवारी, अखिलेश सिंह, लाल बिहारी तिवारी, भोला दुबे सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
