आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर (शाहगंज)।कोतवाली क्षेत्र के मड़वा मोहिउद्दीनपुर गांव में सोमवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसा हो गया, जहां मिट्टी लदे अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आने से 8 वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक बालक की पहचान अंश प्रजापति उर्फ दुर्गेश, पुत्र पवन के रूप में हुई है, जो गांव के ही एक विद्यालय में कक्षा एक का छात्र था। जानकारी के अनुसार, सोमवार को स्कूल से घर लौटने के बाद वह किसी सामान को लेने के लिए घर से थोड़ी दूरी पर गया था। वापस लौटते समय तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर हालत हो गई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल बालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि घटना के समय परिवार के सदस्य एक रिश्तेदार के यहां आयोजित बरक्षा समारोह में गए हुए थे। जैसे ही उन्हें इस दुखद घटना की सूचना मिली, परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रैक्टर को भी कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया।
फिलहाल पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच की जा रही है।
