आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर।जनपद में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सेंवई नाला के आगे कच्चे मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने कई बार आत्मसमर्पण के लिए चेतावनी दी, लेकिन बदमाशों ने फायरिंग जारी रखी। इसी दौरान एक गोली थानाध्यक्ष राम आश्रम राय के बेहद करीब से गुजर गई।
स्थिति को नियंत्रित करने और आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें 34 वर्षीय हसनैन उर्फ गज्जू निवासी बीरी समसुद्दीनपुर के बाएं पैर में गोली लग गई। उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
मुठभेड़ के दौरान उसके दो साथी—इकबाल उर्फ गज्जू निवासी लमहन थाना महाराजगंज और आशिक निवासी बीरी समसुद्दीनपुर—मौके से फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
घटनास्थल से पुलिस ने एक देशी तमंचा (.315 बोर), दो खोखा कारतूस, एक अवैध चाकू, रस्सी तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ गोवध, शस्त्र अधिनियम समेत कई गंभीर मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मुठभेड़ में शामिल टीम में थानाध्यक्ष राम आश्रम राय के साथ उपनिरीक्षक रामजन्म प्रसाद, कांस्टेबल कुलदीप गोस्वामी, सुरेन्द्र वर्मा, सोनू यादव, रंजीत यादव और आनंद पासवान शामिल रहे।
