आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर (चंदवक)।क्षेत्र के गोठौली गांव के होनहार छात्र विराट रघुवंशी ने कठिन परिस्थितियों के बीच शानदार सफलता हासिल करते हुए जेईई मेन्स सेशन-2 में 97.69 परसेंटाइल प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
विराट, स्वर्गीय अमित सिंह के पुत्र हैं। पिता के निधन के बाद उन्होंने पारिवारिक और मानसिक चुनौतियों के बीच भी अपनी पढ़ाई जारी रखी और यह मुकाम हासिल किया। उनकी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास ने साबित कर दिया कि कठिन हालात भी सफलता के रास्ते में बाधा नहीं बन सकते।
विराट की प्रारंभिक शिक्षा डीपीएस वाराणसी से हुई, जहां उन्होंने दसवीं तक अध्ययन किया। इसके बाद उन्होंने ग्रीन वैली वाराणसी से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की। पढ़ाई के दौरान उन्होंने निरंतर अनुशासन और समर्पण बनाए रखा।
अपनी सफलता का श्रेय विराट ने अपनी माता अर्चना सिंह, चाचा डॉ. विनीत कुमार सिंह तथा परिवार के अन्य सदस्यों को दिया, जिन्होंने हर परिस्थिति में उनका हौसला बढ़ाया और सहयोग किया।
विराट की इस उपलब्धि पर गांव और क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है।
