आमिर, देवल ब्यूरो ,मछलीशहर (जौनपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के पराहित गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में तालाब में नहाने गए दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अरविंद का 12 वर्षीय पुत्र मोनू उर्फ सत्यम और लालबहादुर का 9 वर्षीय पुत्र उमंग मंगलवार सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच घर से बिना बताए पास के तालाब में नहाने चले गए। उस समय घर के सभी बड़े सदस्य गेहूं की कटाई के लिए खेतों में गए हुए थे, जिससे बच्चों पर किसी का ध्यान नहीं गया।
शाम को जब परिवार के लोग खेत से लौटे तो दोनों बच्चे घर पर नहीं मिले। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद गांव से लगभग 500 मीटर दूर स्थित तालाब में दोनों बच्चों के शव मिलने की सूचना मिली। आशंका जताई जा रही है कि नहाते समय दोनों बच्चे गहरे पानी में चले गए, जिससे उनकी डूबकर मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंच गए और दोनों शवों को तालाब से बाहर निकाला। वहीं, सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। प्रभारी निरीक्षक विनीत राय ने बताया कि बुधवार सुबह दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
इस हृदयविदारक घटना से गांव में मातम छा गया है। दोनों मृतकों की माताओं का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि मृतक सत्यम तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था और गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार का छात्र था। उसके पिता दिल्ली में मजदूरी करते हैं। वहीं, उमंग अपने परिवार का बड़ा बेटा था और गांव के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में कक्षा सात में पढ़ता था। उसके पिता मुंबई में रहकर काम करते हैं और घटना की सूचना मिलने पर घर के लिए रवाना हो चुके हैं।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और कई घरों में चूल्हा तक नहीं जला।
