आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जनसुनवाई के दौरान एक दिव्यांग एवं वयोवृद्ध व्यक्ति की समस्या का त्वरित समाधान कर प्रशासन ने संवेदनशीलता और सक्रियता का परिचय दिया। जिलाधिकारी डॉ० दिनेश चंद्र के समक्ष पहुंचे पीड़ित मोहनलाल प्रजापति ने शिकायत करते हुए बताया कि उन्होंने गहने गिरवी रखकर ऋण लिया था और पूरी राशि चुकाने के बावजूद भी उनके गहने वापस नहीं किए जा रहे थे, जिससे वह काफी परेशान थे।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को निर्देशित किया कि प्रकरण का शीघ्र निस्तारण कर पीड़ित को न्याय दिलाया जाए। प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों को थाने पर बुलाकर सुनवाई की गई, जहां आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया गया। इस प्रक्रिया में पीड़ित को उसके गहने वापस दिलाए गए, जिससे उसे बड़ी राहत मिली।
गहने वापस मिलने पर मोहनलाल प्रजापति ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री एवं जिलाधिकारी के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि समय पर कार्रवाई होने से उन्हें न्याय मिला है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार आमजन की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक अनिवार्य रूप से जनसुनवाई करें और प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने यह भी चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पारदर्शिता के साथ कार्य करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
.jpeg)