आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ने के उद्देश्य से बुधवार को करंजाकला विकासखंड के न्याय पंचायत पचेवरा में स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत भव्य रैली निकाली गई। इस रैली में शिक्षकों और छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और ग्रामीणों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया।
कंपोजिट विद्यालय पचेवरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों और अभिभावकों के साथ ‘स्कूल रेडीनेस’ कार्यक्रम पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत बनाने, नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और अभिभावकों की सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के मेधावी छात्रों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए अंक पत्र वितरित कर सम्मानित भी किया गया। इससे छात्रों में उत्साह का माहौल देखने को मिला और अन्य बच्चों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिली।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक अनिल कुमार मिश्रा ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों, छात्रों एवं एकेडमिक रिसोर्स पर्सन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान शिक्षा के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस मौके पर प्रशांत कुमार मिश्रा, सुधीर सिंह, सुरेश कुमार मौर्य, वीरेंद्र प्रताप सिंह, अजय राय, शैलेन्द्र सिंह और आलोक त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। वहीं, नोडल शिक्षक संकुल जया श्रीवास्तव ने स्कूल रेडीनेस कार्यक्रम पर विस्तार से जानकारी देते हुए अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
