आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के मातापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास गुरुवार सुबह एक सड़क हादसे में उपनिरीक्षक (S.I.) गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि जफराबाद थाने में तैनात उपनिरीक्षक संतोष कुमार दुबे (48 वर्ष) सुबह लगभग 10 बजे बाइक से पुलिस लाइन ड्यूटी के लिए जा रहे थे।
इसी दौरान सामने अचानक एक बुजुर्ग साइकिल सवार आ गया। उसे बचाने के प्रयास में दरोगा जी ने अपनी बाइक का संतुलन खो दिया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने घायल उपनिरीक्षक को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
इस घटना से एक बार फिर सड़क पर सतर्कता और सावधानी बरतने की आवश्यकता उजागर हुई है, खासकर भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में वाहन चलाते समय अतिरिक्त ध्यान देने की जरूरत है।
