देवल संवाददाता, आजमगढ़ के अतरौलिया थाना क्षेत्र से जमीनी विवाद का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।
मामला मंगीतपुर गांव का है, जहां के निवासी महेंद्र प्रताप सिंह एसपी कार्यालय पहुंचे और अपनी शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित के अनुसार, आबादी की जमीन को लेकर उनका और विपक्षी पक्ष के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है।
महेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि इस मामले में दीवानी न्यायालय में पहले ही निर्णय हो चुका है, जबकि मामला अभी इलाहाबाद उच्च न्यायालय में विचाराधीन है।
इसके बावजूद विपक्षी पक्ष पर आरोप है कि वह दबंगों के साथ मिलकर जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहा है। पीड़ित का कहना है कि कोर्ट में मामला लंबित होने के बावजूद इस तरह की कार्रवाई से उन्हें न्याय मिलने में दिक्कत हो रही है।
पीड़ित ने एसपी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जब तक न्यायालय का अंतिम निर्णय नहीं आ जाता, तब तक जमीन पर यथास्थिति बनाए रखी जाए।
अब देखने वाली बात होगी कि पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और पीड़ित को कब तक न्याय मिल पाता है।
