आमिर, देवल ब्यूरो ,जाफराबाद जौनपुर। जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में लगी आग की घटनाओं ने भारी तबाही मचा दी है। कहीं शॉर्ट सर्किट तो कहीं अज्ञात कारणों से लगी आग ने कई परिवारों को बेघर कर दिया। इन हादसों में रिहायशी मड़हे, घरेलू सामान और पशु जलकर नष्ट हो गए, जिससे पीड़ित परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
जफराबाद के जैतपुर गांव में शॉर्ट सर्किट से लगी आग
सिरकोनी क्षेत्र के जफराबाद थाना अंतर्गत जैतपुर गांव में बीती शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अचानक एक मड़हे में आग लग गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग की शुरुआत गांव निवासी जोखई चौहान के मड़हे से हुई, जिसने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया।
देखते ही देखते आग ने पास के दूसरे मड़हे को भी अपनी चपेट में ले लिया, जहां बंधी चार बकरियां जिंदा जल गईं। तेज हवा और सूखे माहौल के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और जोखई चौहान के भाई बलवंत चौहान (बीडीसी) के दो मड़हों सहित पड़ोसी धर्मेंद्र चौहान के एक मड़हे को भी जलाकर राख कर दिया।
इस भयावह आगजनी में तीनों परिवारों की पूरी गृहस्थी जलकर खाक हो गई। पीड़ितों के पास न खाने-पीने का सामान बचा और न ही रहने का ठिकाना। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी राहत कार्य में सहयोग किया, जिससे आग को और फैलने से रोका जा सका।
घटना की जानकारी मिलने पर ग्राम प्रधान रमेश चंद्र जायसवाल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने तत्काल लेखपाल को सूचना देकर पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू कराई। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द मुआवजा और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है।
