देवल संवाददाता, मऊ। जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी ने बताया कि वर्ष 2026 हेतु कुल 24 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं। इसके अलावा गत वर्ष के सापेक्ष मार्च महीने में सड़क दुर्घटनाओं सहित उनमें होने वाली मौतों में भी कमी आई है। उन्होंने बताया कि मार्च 2025 में कुल 29 सड़क दुर्घटनाएं हुई जबकि मार्च 2026 में 27 सड़क दुर्घटना हुई।इस प्रकार सड़क दुर्घटनाओं में -6.8 प्रतिशत की कमी आई। सड़क दुर्घटनाओं में मार्च 2025 में कुल19 लोगों की मौत हुई थी जबकि मार्च 2026 में 17 लोगों की मौत हुई।इस प्रकार गत वर्ष के सापेक्ष इस वर्ष मार्च महीने में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में 10.5 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। मार्च महीने में प्रवर्तन कार्रवाइयों की चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि मार्च महीने में ओवर स्पीडिंग में चार,बिना हेलमेट दो पहिया वाहन चलाने में 211, बिना सीट बेल्ट में 42,रॉन्ग साइड में 18,ड्रंकन ड्राइविंग में चार, वाहन चलाते समय मोबाइल के प्रयोग में 14 तथा ओवरलोडिंग माल वाहनों में कुल आठ वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। बैठक के कार्यवृत्त पर चर्चा के दौरान जिलाधिकारी ने एआरटीओ को ओवरलोडिंग एवं ओवर स्पीडिंग पर नियंत्रण रखने हेतु विशेष कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक को ओवर स्पीडिंग के खिलाफ तथा हेलमेट पहनने को लेकर स्कूल,कॉलेज में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। हिट एंड रन मामलों में यथाशीघ्र संबंधित लोगों को सत्यापन उपरांत प्रतिकर दिलाने के भी निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिए गए। इसके अलावा उन्होंने नो हेलमेट नो फ्यूल योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु पेट्रोल पंप मालिकों सहित यातायात पुलिस से भी सहयोग लेकर कार्रवाई करने को कहा। ड्रंकन ड्राइव मामलों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने ऐसे मामलों में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करते हुए जेल भेजने के भी निर्देश दिए। ज्ञातव्य है कि गत दिनों डंकन ड्राइव करने के चक्कर में तीन लोगों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी।उन्होंने उपस्थित समस्त विभागों को दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु अधिकतम प्रयास करने को कहा जिससे लोगों की जान माल की सुरक्षा की जा सके। इस दौरान NCORD की भी बैठक हुई जिसमें अवैध मादक पदार्थ के प्रकरणों पर चर्चा करते हुए इस पर प्रभावी नियंत्रण लाने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिए गए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर,मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव,अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
ओवरलोडिंग एवं ओवर स्पीडिंग पर प्रभावी नियंत्रण हेतु करें आवश्यक कार्रवाई - जिलाधिकारी
अप्रैल 16, 2026
0
Tags
