देवल संवाददाता,मऊ। जनपद के लिए अत्यंत हर्ष एवं गौरव का विषय है कि ग्राम बमहौर, पोस्ट काझा,जनपद मऊ निवासी आरिका कुमारी,पिता राम प्यारे राम का अंडर-18 हॉकी टीम में चयन हुआ है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर जिलाधिकारी श्री प्रवीण मिश्र द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने आरिका कुमारी को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कहा कि यह उपलब्धि पूरे जनपद के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने जनपद के अन्य खिलाड़ियों को भी उनसे प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। वर्तमान में आरिका कुमारी स्पोर्ट्स कॉलेज,गोरखपुर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। झारखंड में आयोजित राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन भारतीय प्रशिक्षण शिविर के लिए किया गया है। इस प्रशिक्षण शिविर से अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं हेतु खिलाड़ियों का चयन किया जाना है।उल्लेखनीय है कि आरिका कुमारी ने अपने खेल जीवन की प्रारंभिक प्रशिक्षण स्थानीय स्टेडियम डॉ भीम राव स्पोर्ट्स स्टेडियम मऊ से प्राप्त किया,जहाँ उनके प्रशिक्षक ओमेंद्र सिंह द्वारा उन्हें निरंतर मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं खेल प्रेमियों द्वारा आरिका कुमारी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। आरिका कुमारी की बड़ी बहन शशि कला कुमारी भी हॉकी की खिलाड़ी है हॉकी के खेल से ही उनका चयन स्पोर्ट कोटा से सीआईएसफ में एसआई के पद पर हुआ है।
