कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में संविदा एवं आउटसोर्सिंग कार्मिकों के मानदेय/वेतन भुगतान की स्थिति की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के समस्त विभागाध्यक्षों ने सहभागिता करते हुए अपने-अपने विभागों में कार्यरत कार्मिकों के भुगतान की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत की। बैठक में अवगत कराया गया कि लगभग सभी विभागों में माह मार्च 2026 तक आउटसोर्सिंग एवं संविदा कार्मिकों के मानदेय/वेतन का भुगतान किया जा चुका है।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने विभागवार समीक्षा करते हुए विशेष रूप से उन विभागों पर नाराजगी व्यक्त की, जिनके द्वारा माह मार्च तक कार्मिकों का मानदेय भुगतान नहीं किया गया है। उन्होंने संबंधित विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि लंबित भुगतान को तत्काल प्रभाव से सुनिश्चित किया जाए, आवश्यकतानुसार पत्राचार किया जाए तथा भविष्य में किसी भी स्तर पर विलंब न होने पाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी संविदा एवं आउटसोर्सिंग कार्मिकों का मानदेय समय से भुगतान हो तथा उनकी उपस्थिति नियमित समय से प्रेषित की जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने ईपीएफ एवं अन्य देय सुविधाओं के संबंध में भी कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सभी वेंडर यह सुनिश्चित करें कि कार्मिकों के ईपीएफ अंशदान एवं अन्य लाभ समय पर जमा किए जाएं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में माननीय मुख्यमंत्री जी के स्पष्ट निर्देश हैं, जिनका अक्षरशः अनुपालन अनिवार्य है। उन्होंने चेतावनी दी कि भुगतान में लापरवाही बरतने वाले विभागाध्यक्षों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए उनके वेतन भी रोक दी जाएगी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा आउटसोर्सिंग एवं संविदा कार्मिकों की समस्याओं को भी सुना गया तथा प्राप्त समस्याओं को आगामी एक सप्ताह में निदान कर अवगत कराने हेतु संबंधित विभागो को निर्देशित किया।
बैठक में अपर जिला अधिकारी (न्यायिक) रंजीत सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी अकबरपुर श्रीमती प्रतीक्षा सिंह, जिला विकास अधिकारी, डीसी मनरेगा, उपनिदेशक कृषि, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला आबकारी अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में संविदा एवं आउटसोर्सिंग कार्मिक उपस्थित रहे।
