देवल संवाददाता, मऊ। अपर जिला अधिकारी सत्यप्रिय सिंह की अध्यक्षता में रबी विपणन वर्ष 2026-27 हेतु गेहूं खरीद संबंधी कार्यशाला का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। कार्यशाला के दौरान डिप्टी आरएमओ ने बताया कि जनपद में गेहूं क्रय हेतु कुल 48 केंद्रों का निर्धारण किया गया है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष न्यूनतम समर्थन मूल्य₹2585 रुपए प्रति कुंतल शासन द्वारा निर्धारित किया गया है जो गत वर्ष 2025-26 से 160 रुपया प्रति कुंतल अधिक है। गेहूं क्रय 30 मार्च से 15 जून तक प्रभावी रहेगी तथा क्रय केंद्रों के खुलने का समय प्रातः 9:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक निर्धारित है। कार्यशाला के दौरान अपर जिलाधिकारी ने समस्त केंद्र प्रभारियों को केंद्रों पर आने वाले किसानों से मधुर और अच्छा व्यवहार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने शासनादेश के अनुसार क्रय केंद्रों पर समस्त अभिलेख ठीक ढंग से रखने के साथ ही साथ टोकन सिस्टम के आधार पर नियमानुसार ही किसानों से गेहूं क्रय करने को कहा।उन्होंने समस्त केंद्र प्रभारियों को चेतावनी भी दी कि जिन क्रय केंद्रों पर गेहूं खरीद की स्थिति खराब पाई जाएगी,वहां पर खरीफ फसल धान की खरीद हेतु क्रय केंद्र का निर्धारण नहीं किया जाएगा।अपर जिला अधिकारी ने समस्त केंद्र प्रभारियों को गेहूं में कमियां मिलने पर उसकी सैंपलिंग अवश्य करने के साथ ही साथ गेहूं क्रय हेतु शासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों के अनुरूप ही गेहूं क्रय की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक गेहूं क्रय करने हेतु अभी से ही संबंधित क्षेत्र के किसानों से संपर्क स्थापित कर गेहूं खरीद प्रक्रिया में तेजी लाएं। इस दौरान डिप्टी आरएमओ विनय प्रताप सिंह,जिला प्रबंधक पीसीएफ,मंडी सचिव,बाट माप अधिकारी,एफसीआई के मैनेजर के साथ ही साथ समस्त क्रय केंद्रों के केंद्र प्रभारी भी उपस्थित रहे।
क्रय केंद्रों पर किसानों से मधुर व्यवहार करें केंद्र प्रभारी, शासनादेश के अनुसार करें गेहूं क्रय - अपर जिलाधिकारी
अप्रैल 03, 2026
0
Tags
