देवल संवाददाता, आजमगढ़ जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शुक्रवार को आग लगने की घटनाओं से किसानों का भारी नुकसान हो गया। शॉर्ट सर्किट से लगी आग में कुल करीब 85 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई, जबकि एक स्थान पर मड़ई में आग लगने से हजारों रुपये का सामान जल गया।
क्या है पूरा मामला
सिधारी थाना क्षेत्र के गेलवारा गांव में शुक्रवार की दोपहर हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी ने खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को अपनी चपेट में ले लिया। चिंगारी सीधे गेहूं के खेत में गिरी और सूखी फसल में देखते ही देखते आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि करीब पांच बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए साहस और सूझबूझ का परिचय दिया।
अरहर व पेड़ों की डालियों और पानी की मदद से उन्होंने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। गनीमत रही कि आग फैलने से रोक लिया गया। जिससे आसपास की फसलें बच गईं। इस घटना में पुनवासी विश्वकर्मा, केवल विश्वकर्मा, राधेश्याम विश्वकर्मा, रामबचन विश्वकर्मा, अनिल, अरविंद, वीरेंद्र, जीतेंद्र, सुरेश, गोपाल, जियालाल का करीब पांच बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी जब तक पहुंची तब तक फसल जलकर राख हो चुकी थी। दीदारगंज थाना क्षेत्र के ग्राम खेता पट्टी में शुक्रवार को दिन में करीब 11.30 बजे 11000 वोल्ट बिजली के तार से गिरी चिंगारी से गेहूं के खेत में आग लग गई। आग तेजी से फैलते हुए करीब 20 बीघा गेहूं की खड़ी फसल को जलाकर राख कर दिया।
ग्रामीणों ने खुद आग बुझाने का प्रयास किया और सूचना पर पुलिस व दमकल विभाग मौके पर पहुंचे। इस आग से ध्रुव सिंह, रूपेश सिंह, अशोक कुमार सिंह, मास्टर शैलेंद्र सिंह, रमाकांत सिंह और हृदय नारायण सिंह की 20 बीघा फसल जल गई। वहीं मेंहनगर थाना क्षेत्र के गौंरागांव में 132 केवीए विद्युत स्टेशन के पास शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने विकराल रूप ले लिया।
पछुआ हवा के कारण आग तेजी से फैल गई और लगभग 50 से 60 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। प्रभावित किसानों में रमाशंकर सिंह, रामप्रसाद, भूपेश सिंह राणा, विपिन सिंह टन्नू, डब्लू सिंह सहित अन्य शामिल हैं। सूचना पर फायर ब्रिगेड पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
तहसील प्रशासन ने नुकसान का आकलन करने के लिए राजस्व टीम को मौके पर भेजा है। इसके अलावा बरदह थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत जमुआवा में राजकुमार यादव की मंडई में उस समय आग लग गई जब बगल का व्यक्ति खरपतवार जला रहा था। आग लगने से मंडई में रखा हजारों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। लगातार आग की घटनाओं से किसानों में चिंता और आक्रोश का माहौल है। किसानों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
क्या है पूरा मामला
आग लगनी की सूचना पर फायर बिग्रेड की गाड़ी भेजी गई थी। फायरकर्मियों और ग्रामीणों के सहयोग से आग को बुझाया जा सका। कुछ स्थान ऐसे होते हैं जहां फायर की गाड़ियों को पहुंचने में समस्या आती है लेकिन पूरा प्रयास होता है कि घटनास्थल पर पहुंचकर आग को बुझाया जा सके।
