देवल, ब्यूरो चीफ,बीना, सोनभद्र। म्योरपुर विकास खंड के खड़िया ग्राम पंचायत अंतर्गत दुर्गा मंदिर बस्ती में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र की बदहाल तस्वीर शासन की योजनाओं पर सवाल खड़ा कर रही है। केंद्र पर महीनों से ताला लटका होने का आरोप है, जबकि परिसर के बाहर कूड़े-कचरे का अंबार, धूल की मोटी परत और उगी झाड़-झंखाड़ यह बयां कर रहे हैं कि यहां साफ-सफाई और संचालन दोनों पूरी तरह ठप हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि आंगनबाड़ी केंद्र लंबे समय से नहीं खुल रहा, जिससे बच्चों और गर्भवती महिलाओं को मिलने वाली पोषण व स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। केंद्र के सामने सड़ रहे कूड़े के ढेर से उठ रही तेज दुर्गंध और बढ़ते मच्छरों ने हालात को और भयावह बना दिया है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है और मच्छरों के प्रकोप से जीना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बस्ती में सफाई कर्मी कभी नहीं आता, जिसके चलते गंदगी दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। एक ओर सरकार गांवों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए अभियान चला रही है, वहीं जिम्मेदार कर्मचारियों की लापरवाही से जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए आंगनबाड़ी केंद्र को नियमित रूप से संचालित कराने और पूरे परिसर की साफ-सफाई सुनिश्चित करने की अपील की है। इस मामले में ग्राम प्रधान विजय गुप्ता ने कहा कि जल्द ही सफाई कराकर व्यवस्था दुरुस्त कराई जाएगी। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि अब आश्वासन नहीं, जमीनी कार्रवाई की जरूरत है।
.jpg)