देवल, ब्यूरो चीफ,म्योरपुर (सोनभद्र)। म्योरपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत खैराही में जल जीवन मिशन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। सावित्री देवी के घर के पास जमीन के अंदर बिछाई गई पाइपलाइन फट जाने से पिछले दो दिनों से लगातार पानी बह रहा है, जिससे हजारों लीटर पानी बर्बाद हो चुका है। एक तरफ जहां सरकार हर बूंद पानी बचाने और जल संरक्षण का संदेश दे रही है, वहीं दूसरी ओर इस तरह की घटनाएं खुलेआम पानी के दोहन और संसाधनों की बर्बादी को दर्शा रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दो दिनों से पानी लगातार बह रहा है, लेकिन इसे रोकने के लिए समय पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि जब आम जनता को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ता है, तब इस तरह की लापरवाही बेहद चिंताजनक है। मामले में जीवीपीआर कंपनी के अभियंता सुधीर कुमार ने बताया कि
मजदूरों द्वारा काम के दौरान पाइप क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके कारण पानी का रिसाव हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि एक-दो दिनों के भीतर पाइप को ठीक कर दिया जाएगा। अब सवाल यह उठता है कि जल जीवन मिशन जैसे महत्वपूर्ण योजना में इस तरह की लापरवाही आखिर कब तक जारी रहेगी और पानी के इस खुले दोहन पर जिम्मेदारों की जवाबदेही कब तय होगी।
