देवल, ब्यूरो चीफ,म्योरपुर (सोनभद्र)। म्योरपुर विकास खंड के ग्राम पंचायत कुण्डाडीह में रविवार को आदिवासी समाज के सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक मंगल सिंह उरेती के आवास पर दोपहर 12 बजे संपन्न हुई, जिसमें समाज के समग्र विकास और अधिकारों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता बबई सिंह मरकाम ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आदिवासी समाज को पंचायत चुनावों में आरक्षण के साथ-साथ सरकारी नौकरियों में भी समुचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। इसके लिए समाज को संगठित होकर अपनी आवाज बुलंद करनी होगी। उन्होंने आगामी 9, 13 और 15 अप्रैल को होने वाली बैठकों का उल्लेख करते हुए कहा कि आदिवासी महासभा से जुड़े सभी संगठन एकजुट होकर इस लड़ाई को मजबूती से लड़ें, तभी समाज को उसका हक मिल सकेगा। बैठक का संचालन अमर सिंह खरवार ने किया। इस दौरान रामरती पोया, रामनारायण, जगदेव सिंह, मोहरलाल उरेती, रामजखन मरकाम, देवशाह सिंह उरेती सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
