देवल, ब्यूरो चीफ,शक्तिनगर, सोनभद्र। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शक्तिनगर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत बड़ी कार्रवाई करते हुए नशे के कारोबार से अर्जित 7.80 लाख मूल्य की चल संपत्ति (कार व स्कूटी) कुर्क कर ली। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार व क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष कमल नयन दूबे की रिपोर्ट पर कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि अभियुक्त सुनील भारती उम्र 32 वर्ष निवासी निमियाटाड़ बस्ती अवैध हेरोइन तस्करी व अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त था और बिना वैध आय के श्रोत के अपराध से अर्जित धन से अपने व पत्नी के नाम पर वाहन खरीदे थे। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर गैंगस्टर एक्ट की धारा 14 (1) के तहत स्विफ्ट डिजायर कार 6,90,000 व स्कूटी 90,000 समेत कुल 7,80,000 की संपत्ति कुर्क की गई। अभियुक्त के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराएं व गैंगस्टर एक्ट सहित कुल चार मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई से स्पष्ट है कि पुलिस अब अपराधियों की अवैध कमाई पर सीधा वार कर उनकी आर्थिक कमर तोड़ने की रणनीति पर काम कर रही है।
.jpeg)