देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। घोरावल विधानसभा क्षेत्र में किसानों की बैठक के दौरान उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब किसानों के सवालों से नाराज होकर विधायक अनिल मौर्य बीच कार्यक्रम से उठकर चले गए। बताया जा रहा है कि किसान अपनी स्थानीय समस्याओं को लेकर जवाब मांग रहे थे, इसी दौरान बातचीत का स्वर तेज हुआ और विधायक बैठक छोड़कर चले गए, जिससे किसानों में नाराजगी देखी गई। मामले ने राजनीतिक रंग तब ले लिया जब समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक रमेश चंद्र दुबे ने इस घटना को लेकर मौजूदा विधायक पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान विधायक को जनता के सुख-दुख से कोई सरोकार नहीं है और वे जिम्मेदारियों से बच रहे हैं। रमेश चंद्र दुबे ने कहा कि जनप्रतिनिधि का कर्तव्य जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करना है, न कि सवालों से बचना। उन्होंने यह भी कहा कि वे हमेशा जनता के साथ खड़े रहे हैं और आगे भी रहेंगे। इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र की राजनीति गरमा गई है और किसानों के मुद्दे एक बार फिर केंद्र में आ गए हैं, जिससे आने वाले समय में घोरावल की राजनीति पर इसका असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
.jpeg)