आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। थाना खेतासराय पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक गंभीर मामले का खुलासा करते हुए महज 24 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी, लेकिन पुलिस की तत्परता से आरोपियों को शीघ्र ही पकड़ लिया गया।
पुलिस के अनुसार, यह घटना क्षेत्र के ग्राम अमरेथुआ की है, जहां बीते बुधवार की रात करीब 9 बजे पंचायत भवन के पास कुछ लोग बैठे हुए थे। उसी दौरान गांव निवासी सन्दीप राजभर पुत्र रामअधार राजभर ने उन्हें शराब पीने से मना किया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और वहां मौजूद पांच लोगों ने आक्रोश में आकर सन्दीप पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में सन्दीप राजभर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर उसे वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल वहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही खेतासराय पुलिस हरकत में आई और मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने छापेमारी करते हुए 24 घंटे के भीतर ही पांचों आरोपियों—सचिन राजभर पुत्र बुद्धिराम राजभर, विकास राजभर उर्फ भोलू पुत्र मेवालाल राजभर, विकास राजभर उर्फ विकेश पुत्र राजेन्द्र राजभर, आदित्य राजभर पुत्र शम्भू राजभर और अमर राजभर उर्फ गोरेलाल पुत्र पप्पू—को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी कहीं भागने की फिराक में थे।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उनका चालान कर न्यायालय भेज दिया है। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने लोगों को आश्वस्त किया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
