आमिर, देवल ब्यूरो ,बदलापुर (जौनपुर)। गुरुवार सुबह सिपाह पुलिस चौकी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में कम्पोजिट विद्यालय उदपुर गेल्हवा की प्रधानाध्यापिका सुमन सिंह की मौत हो गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुमन सिंह अपने कार्य से संबंधित किसी काम से जा रही थीं, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने मानवता दिखाते हुए तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिससे लोगों में आक्रोश भी देखा गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जा सके। वहीं, इस दुखद घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
.jpeg)