आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के छात्रों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। विश्वविद्यालय के पांच विद्यार्थियों का चयन प्रतिष्ठित ऑटोमोबाइल कंपनी टोयोटा से संबद्ध एसएनजे टोयोटा में हुआ है। इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है।
गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने चयनित विद्यार्थियों को कंपनी द्वारा जारी ऑफर लेटर प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने सभी छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
यह चयन प्रक्रिया विश्वविद्यालय के सेंट्रल ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के माध्यम से आयोजित की गई थी, जिसमें छात्रों ने अपने कौशल और योग्यता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
चयनित विद्यार्थियों में एमसीए प्रथम वर्ष की छात्रा शिवानी मिश्रा को कस्टमर रिलेशनशिप एग्जीक्यूटिव के पद पर नियुक्ति मिली है। वहीं एमबीए के विभिन्न संकायों से रोहित कुमार यादव (बिजनेस इकोनॉमिक्स), सुशील कुमार प्रजापति (मार्केटिंग एवं फाइनेंस), रितिक यादव तथा संजीव यादव (दोनों फाइनेंस एवं कंट्रोल) का चयन सेल्स ऑफिसर के पद के लिए किया गया है।
प्लेसमेंट सेल के निदेशक प्रदीप कुमार ने भी सभी चयनित छात्रों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का प्लेसमेंट सेल लगातार छात्रों को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार कर रहा है, ताकि उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें।
.jpeg)