देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र । जनगणना-2027 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को एनआईसी के माध्यम से राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए किया गया, जिसमें अधिकारियों को जनगणना की प्रक्रिया, समय-सीमा और कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने बताया कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत जनपद सोनभद्र में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 22 मई 2026 से शुरू होकर 20 जून 2026 तक चलेगा। इस बार पहली बार स्व-गणना की व्यवस्था लागू की गई है, जिसके तहत नागरिक स्वयं अपने घर और परिवार से जुड़े 34 प्रश्नों के उत्तर ऑनलाइन पोर्टल पर भर सकेंगे। यह प्रक्रिया 7 मई से 21 मई तक संचालित होगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम में महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण और निदेशक जनगणना कार्य निदेशालय उत्तर प्रदेश शीतल वर्मा ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्य को शुद्धता और समयबद्धता के साथ पूरा करने पर जोर दिया। इधर, जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित जनगणना कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कंट्रोल रूम में सभी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि जनगणना कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी (विरा) वागीश कुमार शुक्ला, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट उत्कर्ष द्विवेदी आदि मौजूद रहे।
.jpeg)