देवल, ब्यूरो चीफ,म्योरपुर, सोनभद्र। विकास खंड म्योरपुर के गोविंदपुर स्थित बनवासी सेवा आश्रम के विचित्रा महाकक्ष में मंगलवार को तीन दिवसीय महिला संगोष्ठी का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुंबई से आई सामाजिक कार्यकर्ता मोनिका, नीता और नीरा ने संयुक्त रूप से किया। संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना तथा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से उनके सामाजिक और आर्थिक विकास को गति देना है। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मोनिका ने कहा कि पंचायतों में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से निर्णय प्रक्रिया अधिक मजबूत और प्रभावी होगी। उन्होंने बघाडू की फूलवंती बहन का उदाहरण देते हुए बताया कि अवसर मिलने पर महिलाएं साक्षर होकर समाज का नेतृत्व भी कर सकती हैं। वहीं, नीता और नीरा ने महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों, संगठित प्रयासों की आवश्यकता और सामाजिक, आर्थिक व सांस्कृतिक असमानताओं के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान जैविक खेती, समानता, सामूहिक गीत, खेल और फिल्म के माध्यम से महिलाओं में जागरूकता व एकजुटता को बढ़ाने पर भी चर्चा की गई। पहले दिन के सत्र के समापन पर आश्रम की सचिव शुभा प्रेम ने पंचायतों और गांवों में महिलाओं की भूमिका को और सशक्त बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस संगोष्ठी में 37 पंचायतों से आई लगभग 65 महिलाओं ने भाग लेकर अपने अनुभव साझा किए।
.jpeg)