कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने बताया कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजनान्तर्गत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं (संघ लोक सेवा आयोग, राज्य लोक सेवा आयोग, नीट, जेईई, एनडीए, सीडीएस, एसएससी, सीयूईटी, यूपीएसएसएससी, यूपी पुलिस, बैंक एवं अन्य एकदिवसीय परीक्षाएं) की तैयारी हेतु प्रवेश परीक्षा सत्र 2026-27 के लिए ऑफलाइन आवेदन प्रारंभ तिथि 20 अप्रैल 2026 से आवेदन की अंतिम तिथि 06 जून 2026 तक कर सकते हैं।
अभ्युदय प्रवेश परीक्षा/काउंसलिंग का आयोजन निर्धारित कार्यक्रमानुसार किया जाएगा। जेईई एवं नीट की प्रवेश परीक्षा/काउंसलिंग 08 जून 2026 को प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 01:30 बजे तक आयोजित होगी। यूपीएससी/यूपीपीएससी तथा एसएससी/एनडीए/सीडीएस एवं अन्य की प्रवेश परीक्षा/काउंसलिंग 15 जून 2026 को प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 01:30 बजे तक में सम्पन्न कराई जाएगी। प्रवेश परीक्षा/काउंसलिंग का परिणाम 19 जून 2026 को प्रकाशित किया जाएगा तथा कोचिंग सत्र का संचालन 01 जुलाई 2026 से प्रारम्भ किया जाना प्रस्तावित है।
इस योजना के अंतर्गत निःशुल्क कोचिंग हेतु पंजीकरण 20 अप्रैल 2026 से 06 जून 2026 तक किया जा सकता है। आवेदन फॉर्म विकास भवन स्थित कक्ष संख्या-57, जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय, अम्बेडकरनगर से प्राप्त/जमा किए जा सकते हैं। साथ ही समस्त विकास खंडों के खंड विकास अधिकारी कार्यालय में सहायक विकास अधिकारी (समाज कल्याण)/ग्राम विकास अधिकारी (स0क0) के माध्यम से भी आवेदन पत्र प्राप्त/ जमा किए जा सकते हैं। योजना की अधिक जानकारी हेतु मोबाइल नंबर 8299037551, 9151093178, 9958598103 पर प्रातः 10:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक संपर्क किया जा सकता है। आवेदन एवं कोचिंग की सम्पूर्ण प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क है।
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत विभिन्न परीक्षाओं हेतु पात्रता निर्धारित की गई है। जेईई/नीट के लिए कक्षा 12 में अध्ययनरत अथवा उत्तीर्ण विज्ञान वर्ग के छात्र-छात्राएं पात्र होंगे। यूपीएससी/यूपीपीएससी (सिविल सेवा) परीक्षा के प्रशिक्षण हेतु स्नातक अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राएं अथवा उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे। एनडीए के लिए कक्षा 12 में अध्ययनरत (विज्ञान वर्ग) अथवा उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे। सीडीएस/सीएपीएफ की परीक्षा प्रशिक्षण हेतु स्नातक अंतिम वर्ष /उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होगें। एसएससी/यूपीएसएसएससी/बैंक हेतु कक्षा 12 में अध्ययनरत अथवा उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
