देवल, ब्यूरो चीफ,म्योरपुर, सोनभद्र। स्थानीय ब्लॉक के गोविंदपुर स्थित बनवासी सेवा आश्रम में सोमवार को नौ दिवसीय सिलाई शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हो गया। इस दौरान 15 ग्राम पंचायतों की महिलाओं ने भाग लेकर सिलाई के क्षेत्र में गुणवत्ता आधारित प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण के दौरान अंति देवी और नीरा ने प्रतिभागियों को सिलाई, कटिंग व फिटनेस के महत्वपूर्ण गुर सिखाए। वहीं उषा इंटरनेशनल की ओर से सभी प्रतिभागियों को निःशुल्क सिलाई मशीन वितरित की गई। कार्यक्रम के सह-प्रायोजकों ने बताया कि प्रत्येक पंचायत में प्रशिक्षित महिलाएं अब अपने-अपने गांव में प्रशिक्षण केंद्र खोलकर अन्य महिलाओं और लड़कियों को सिलाई का हुनर सिखाएंगी, जिससे वे आत्मनिर्भर बनेंगी और आर्थिक रूप से सशक्त होकर सामाजिक समस्याओं से भी मुकाबला कर सकेंगी। आश्रम की शुभा प्रेम ने कहा कि जो महिलाएं पहले घरों में सिलाई करती थीं, अब वे प्रशिक्षक बनकर समाज में नई पहचान बनाएंगी। उन्होंने सिलाई में कटिंग और फिटनेस को अहम बताते हुए महिलाओं से समाज की समस्याओं को समझकर समाधान में भी भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर चित्रांगत दुबे, देवनाथ सिंह, केवला दुबे, नीरा, सुरेश कुमार, राकेश कुमार, शांति कुशवाहा, सरिता आदि मौजूद रहीं।
.jpg)