देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। सीएम डैशबोर्ड के फ्लैगशिप कार्यक्रमों एवं जन शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण को लेकर मंडलायुक्त विंध्याचल मंडल एवं नोडल अधिकारी राजेश प्रकाश ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों व निर्माण एजेंसियों के अधिशासी अभियंताओं के साथ समीक्षा बैठक किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जन शिकायतों का निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी अधिकारी गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखते हुए गंभीरता से कार्य करें। जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए तथा पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता से कराने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जिन ग्राम पंचायतों में जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति हो रही है, वहां टैंकर से पानी न भेजकर योजना के माध्यम से ही नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया कि जिन विद्यालयों में
बेंच डेस्क व मरम्मत की आवश्यकता है, उनकी सूची तत्काल उपलब्ध कराई जाए। साथ ही ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट न उत्पन्न हो, इसके लिए सतत निगरानी के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग को सड़कों के निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने तथा ट्रामा सेंटर से मेडिकल कॉलेज यूनिट तक सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव जल्द प्रस्तुत करने को कहा। सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा में 'बी' व 'सी' ग्रेड प्राप्त विभागों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने की चेतावनी देते हुए कहा गया कि लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जिलाधिकारी बीएन सिंह ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंडलायुक्त द्वारा दिए गए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, संयुक्त विकास आयुक्त रमेश चंद्र, अपर जिलाधिकारी वागीश कुमार शुक्ला, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
.jpg)